ENG vs SL 3rd T20I: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच शनिवार (19 सितंबर) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में एक ऐसा विकेट देखने को मिला, जिसमें कुछ पल के लिए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) को भी समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) ने अपना विकेट बेहद अजीबोगरीब तरीके से गंवाया और खुद ही अपनी पारी का अंत कर बैठे।

Advertisement

यह घटना श्रीलंका की पारी के 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर देखने को मिली। जोफ्रा आर्चर ने इस गेंद पर अपनी रफ्तार कम की और गुड लेंथ पर गेंद डाली। गेंद की रफ्तार कम होने की वजह से हसरंगा शॉट के लिए थोड़ा जल्दी आ गए और बल्ले का गेंद से कोई संपर्क नहीं हुआ। लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह काफी दिलचस्प था। शॉट खेलने के बाद हसरंगा के बल्ले का फॉलो थ्रू इतना ज्यादा घूम गया कि वह उनके पीछे मौजूद स्टंप्स के बेहद करीब पहुंच गया।

हसरंगा उसी समय घुटने के बल नीचे झुके और उनके बल्ले ने स्टंप्स के ऊपरी हिस्से को छू दिया। जैसे ही बेल्स गिरीं, हसरंगा को हिट विकेट के चलते आउट दे दिया गया। खास बात यह रही कि आर्चर को शुरुआत में इसका अंदाजा तक नहीं हुआ। आर्चर वापस अपने रनअप की तरफ लौट रहे थे। उन्हें शायद लगा कि गेंद विकेटकीपर के पास चली गई है और कोई खास घटना नहीं हुई। इसी बीच हसरंगा क्रीज छोड़कर डगआउट की तरफ जाने लगे। जब हसरंगा आर्चर के सामने से पवेलियन की ओर जाते हुए दिखाई दिए, तब जाकर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज को समझ आया कि उन्हें विकेट मिल चुकी है। 

VIDEO:

हसरंगा इस मुकाबले में बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 6 गेंदों में सिर्फ 7 रन ही बना पाए।

मैच की बात करें तो श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 124 रन पर ही सिमट गई। टीम की ओर से पथुम निसांका ने 24 गेंदों में 36 रन बनाकर सबसे ज्यादा स्कोर किया, जबकि कामिंडु मेंडिस ने 28 गेंदों में 35 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका।

Also Read: LIVE Cricket Score

125 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने इसे महज 9.4 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जोस बटलर ने सिर्फ 32 गेंदों में नाबाद 62 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक ने 21 गेंदों में 33 रन बनाए। वहीं इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार