India vs Sri Lanak Test 2026: भारतीय क्रिकेट टीम को अगस्त में दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर जाना है और सिलेक्टर मंगलवार (28 जुलाई) को इस दौरे के लिए टीम का ऐलान कर सकते हैं। इस दौरे से पहले सिलेक्टर्स के सामने सबसे बड़ी समस्या चोटिल खिलाड़ियों की है।
क्रिकबज की खबर के अनुसार तेज गेंदबाज हर्षित राणा और ऑलराउंडर नीतीश राणा का श्रीलंका दौरे के लिए चुना जाना मुश्किल है क्योंकि दोनों खिलाड़ी अभी अपनी चोट से उबरे नहीं हैं। वहीं ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को लेकर भी सवाल हैं, उनके इस सीरीज के लिए चुने जाने को लेकर संदेह है।
श्रीलंका की पिचों से स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है, इसलिए वॉशिंगटन जो एक ऑफ़-स्पिनर हैं और टॉप ऑर्डर में बल्लेबाज़ी का अनुभव भी रखते हैं, टीम के लिए बहुत अहम साबित हो सकते हैं। लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे वॉशिंगटन सीरीज़ के लिए उपलब्ध हो पाएंगे। एक संभावना यह है कि उन्हें 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए सशर्त चुना जाए, लेकिन ऐसा होने की उम्मीद भी बहुत कम है।
इसके अलावा बुमराह के बेंगलुरु स्थित CoE में जाने होने की उम्मीद है, लेकिन साफ नहीं है कि टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। हालांकि आईपीएल के बाद से उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है, ऐसे में उनके टीम में शामिल होने की उम्मीद ज्यादा है। बता दें हाल में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बुमराह के बांए घुटने में चोट लगी थी, जिसके कारण वह लॉर्ड्स में हुआ निर्णायक मुकाबला नहीं खेल पाए थे। उनकी यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शामिल ज़्यादातर खिलाड़ियों के टीम में बने रहने की उम्मीद है। साथ ही, टीम में रवींद्र जडेजा के भी शामिल होने की संभावना है, जो अफगान टीम के खिलाफ हुए उस मैच में नहीं खेल पाए थे।