Dasun Shanaka 94M Six Video: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) का 21वां मुकाबला सोमवार, 06 जुलाई को कैलिफोर्निया के नाइट राइडर्स क्रिकेट फील्ड पर खेला गया था जहां सिएटल ओर्कास (Seattle Orcas) के श्रीलंकाई ऑलराउंडर दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने डबल हैट्रिक लेकर टेक्सास सुपर किंग्स (Texas Super Kings) के खिलाफ अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने विपक्षी अभिमन्यु लांबा (Abhimanyu Lamba) को एक मॉन्स्टर छक्का भी मारा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
ये घटना सिएटल ओर्कास की इनिंग के 11वें ओवर में घटी। यहां अभिमन्यु लांबा अपने कोटे का तीसरा ओवर डालने आए थे जिसकी तीसरी गेंद पर दासुन शनाका ने उन्हें टारगेट किया और मिड विकेट के ऊपर से 94 मीटर दूर लंबा छक्का मारा। ध्यान दें कि दासुन शनाका के बैट से टकराने के बाद ये बॉल 308 फीट ऊपर आसमान में गई थी जिसका वीडियो खुद MLC ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से शेयर किया है। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस मुकाबले में दासुन शनाका ने पहले 14 गेंदों पर 1 चौका और 1 छक्का लगाकर 16 रन बनाए और फिर टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ पूरे 4 ओवर डालकर 26 रन देते हुए 4 विकेट निकाले। उन्होंने मुकाबले के आखिरी ओवर में 14 रन डिफेंड करके सिएटल ओर्कास को जीत दिलाई जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
ऐसा रहा मैच का हाल: MLC के इस मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद सिएटल ओर्कास की टीम ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 121 रन बनाए। इसके जवाब में टेक्सास सुपर किंग्स की टीम अपनी पारी में 9 विकेट खोकर 112 रन ही जोड़ पाई और ऐसे सिएटल ओर्कास ने 9 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर पॉइंट्स टेबल की तो सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की टीम टॉप पर है जिन्होंने अब तक अपने 7 मैचों में से 4 मैच जीते हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर सिएटल ओर्कास (8 मैचों में 4 जीत), तीसरे नंबर पर एमआई न्यूयॉर्क (7 मैचों में 4 जीत), चौथे नंबर पर वाशिंगटन फ्रीडम (7 मैचों में 4 जीत), पांचवें नंबर पर लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (7 मैचों में 3 जीत) और छठे नंबर पर टेक्सास सुपर किंग्स (8 मैचों में 3 जीत) की टीम बनी हुई है।