Dasun Shanaka Double Hat-Trick Video: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) का 21वां मुकाबला सोमवार, 06 जुलाई को कैलिफ़ोर्निया के नाइट राइडर्स क्रिकेट फील्ड पर खेला गया था जहां सिएटल ओर्कास (Seattle Orcas) ने एक बेहद ही रोमाचंक मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स (Texas Super Kings) के खिलाफ 121 रन डिफेंड करके 9 रनों से शानदार जीत दर्ज की। गौरतलब है कि इस मुकाबले में सिएटल ओर्कास की जीत के सबसे बड़े हीरो दासुन शनाका (Dasun Shanaka) रहे जिन्होंने मैच के आखिरी ओवर में डबल हैट्रिक लेकर टेक्सास सुपर किंग्स के 4 गेंदों पर 4 विकेट झटके।
दरअसल, ये घटना टेक्सास सुपर किंग्स की इनिंग के 20वें में घटी जिन्हें जीत हासिल करने के लिए आखिरी 6 गेंदों पर 15 रन चाहिए थे। यहां पर ही सिएटल ओर्कास के लिए दासुन शनाका गेंदबाज़ी करने आए और उन्होंने धमाल मचाकर अंतिम चार गेंदों पर एक के बाद एक चार खिलाड़ियों का विकेट लिया।
उन्होंने अपनी शुरुआती दो गेंदों पर 5 रन देने के बाद डोनोवन फरेरा, कैल्विन सैवेज, एडम मिल्ने और अमशी डी सिल्वा का विकेट झटका।MLC ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि कैलिफ़ोर्निया के मैदान पर दासुन शनाका ने अपनी बॉलिंग (26 रन देकर चार विकेट) से ही प्रभावित नहीं किया, बल्कि इससे पहले उन्होंने 14 गेंद बल्लेबाज़ी की और एक चौका, एक छक्का लगाकर 16 रन भी बनाए। तो ऐसे में ये कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि वो सिएटल ओर्कास के लिए सही मायनों में मैच विनर साबित हुए हैं।
पॉइंट्स टेबल का हाल: MLC 2026 का 21वां मुकाबला जीतने के बाद अब सिएटल ओर्कास की टीम टूर्नामेंट की पॉइंट्स टेबल पर दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। उन्होंने अब तक अपने 8 में से 4 मैच जीते हैं। दूसरी तरफ टेक्सास सुपर किंग्स की टीम अपने 8 मैचों में 3 जीत और 6 अंक के साथ आखिरी यानी छठे पायदान पर है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें टेबल टॉपर की तो वो एमआई न्यूयॉर्क है, जिन्होंने अपने 6 में से 4 मैच जीते हैं। उनके अलावा तीसरी पॉजिशन पर वाशिंगटन फ्रीडम (7 मैचों में 4 जीत), चौथी पॉजिशन पर सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स (6 मैचों में 3 जीत) और पांचवीं पॉजिशन पर लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (7 मैचों में 3 जीत) है।