Nitish Kumar Reddy Bowling Video: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का पहला मुकाबला शनिवार, 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद (RCB vs SRH) के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के 22 साल के ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) ने टीम के इंट्रा-स्क्वाड मुकाबले में कमाल की गेंदबाज़ी करके सभी का ध्यान खींचा हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। शायद किसी को यकीन भी नहीं होगा कि SRH के पहले इंट्रा-स्क्वाड मुकाबले में नितीश कुमार रेड्डी ने टीम के कैप्टन और विस्फोटक बैटर ईशान किशन को पहले पूरा मेडन ओवर डाला और फिर अपने अगले ओवर की पहली ही गेंद पर उनका विकेट भी चटका दिया। Sunrisers Army नाम के एक एक्स अकाउंट से इस पूरी घटना का वीडियो साझा किया गया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि इस इंट्रा-स्क्वाड मुकाबले में नितीश कुमार रेड्डी ने सिर्फ ईशान किशन को ही आउट नहीं किया, बल्कि अपने कोटे के 4 ओवर में विपक्षी टीम को 32 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उन्हें SRH ने पूरे 6 करोड़ देकर टीम में रिटेन किया है, ऐसे में ऑरेंज आर्मी के सभी फैन उनकी ऐसी गज़ब बॉलिंग देखकर जरूर खुश होंगे। बताते चलें कि उन्होंने बीते समय में अपनी गेंदबाज़ी पर काफी काम किया है।
ये भी जान लीजिए कि 22 साल के नितीश कुमार रेड्डी ने साल 2023 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था और वो तब से ही सनराइडर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा हैं। वो अब तक 28 आईपीएल मैचों में लगभग 28 औसत और 133 की स्ट्राइक रेट से 485 रन बना चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम 5 आईपीएल विकेट भी दर्ज हैं। खास बात तो ये है कि नितीश कुमार रेड्डी को टीम इंडिया के लिए हार्दिक पांड्या की रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जाता है और वो देश के लिए छोटी उम्र में 10 टेस्ट, 4 वनडे और 4 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं।
कुल मिलाकर नितीश कुमार रेड्डी अगर आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो ये सिर्फ SRH या उनके फैंस के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए भी खुशी की बात होगी। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो टूर्नामेंट में कुछ खास कर पाते हैं या नहीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
IPL 2026 के लिए SRH की पूरी स्क्वाड: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, सलिल अरोड़ा, नितीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टन, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, डेविड पायने, कामिंदु मेंडिस, शिवम मावी, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, एशान मलिंगा, प्रफुल हिंगे, ओंकार तर्माले, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, क्रेंस फुलेत्रा, अमित कुमार।