Ravindra Jadeja And Kuldeep Yadav Fight Video: अक्षर पटेल (Axar Patel) की कैप्टेंसी वाली दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की टीम ने बीते शुक्रवार, 01 मई को इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 43वें मुकाबले में 19.1 ओवर में 226 रनों का लक्ष्य हासिल करके राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को 7 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इसी बीच मैदान पर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) की भिड़ंत हुई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये पूरी घटना राजस्थान रॉयल्स की इनिंग के 12वें ओवर के दौरान घटी। यहां रविंद्र जडेजा अपने साथी खिलाड़ी ध्रुव जुरेल के आउट होने के बाद मैदान पर बैटिंग करने आए थे कि तभी उन्होंने बीच रास्ते में खड़े दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाज़ कुलदीप यादव के सामने अपना बल्ला घुमाया। जडेजा की ये हरकत देखकर एक समय को कुलदीप डर गए, लेकिन फिर उन्होंने भी जडेजा को धक्का मारा।
गौर करें कि ये पूरी घटना मस्ती मज़ाक में घटी थी। रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव एक दूसरे के काफी अच्छे दोस्त हैं और लंबे समय तक टीम इंडिया में साथ खेले हैं। यही वज़ह है वो लाइव मैच के दौरान भी एक दूसरे को छेड़ने से पीछे नहीं हटे। स्टार स्पोर्ट्स ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बात करें इस मुकाबले में इन दोनों के प्रदर्शन की तो रविंद्र जडेजा ने 14 गेंदों पर 20 रन बनाए और 3 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट लिया। दूसरी तरफ कुलदीप के लिए ये मुकाबला कुछ खास नहीं रहा और उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर में बिना कोई विकेट लिए 41 रन खर्चे।
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL 2026 का 43वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले बैटिंग की और कैप्टन रियान पराग की 50 गेंदों पर 90 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 225 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल (40 गेंदों पर 75 रन) और पथुम निसांका (33 गेंदों पर 62 रन) ने अर्धशतक ठोके जिसके दम पर मेहमान टीम ने 19.1 ओवर में 226 रनों का लक्ष्य हासिल करके जीत प्राप्त की। ये टूर्नामेंट में दिल्ली कैपिटल्स की चौथी जीत है और वो पॉइंट्स टेबल पर 9 मैचों में 8 अंकों के साथ छठे पायदान पर हैं।