Sahibzada Farhan Vs Mohammad Amir Video: मुल्तान सुल्तान्स (Multan Sultans) के बल्लेबाज़ साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने बीते सोमवार, 06 अप्रैल को पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) के 14वें मुकाबले में रावलपिंडी के खिलाफ लाहौर के मैदान पर 38 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने विपक्षी टीम के तेज गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) को आईना भी दिखाया और उनकी गेंदों पर एक के बाद एक दो छक्के ठोके।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना मुल्तान सुल्तान्स की इनिंग के छठे ओवर में घटी। यहां मोहम्मद आमिर रावलपिंडी के लिए अपना दूसरा ओवर डालने आए थे जिसकी पहली ही गेंद से साहिबजादा फरहान ने उन्हें टारगेट किया और लॉन्ग ऑन की तरफ छक्का मारा
खास बात ये है कि वो यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने मोहम्मद आमिर की अगली गेंद पर भी लॉन्ग ऑन की तरफ ही छक्का जड़ा। उन्होंने अपनी 68 रनों की पारी में कुल 4 चौके और 5 छक्के लगाए। आप नीचे इस पूरी घटना का वीडियो देख सकते हो।
बात करें अगर मोहम्मद आमिर की तो उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पहली दो गेंदों पर 12 रन लुटाने के बाद अच्छी वापसी की और अगली चार गेंदों पर सिर्फ 1 रन ही दिया। इस तरह मुल्तान सुल्तान्स को मोहम्मद आमिर के इस ओवर से कुल 13 रन मिले। इस मुकाबले में उन्होंने 3 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने जोश फिलिप (30 गेंदों पर 56 रन) और स्टीव स्मिथ (05 गेंदों पर 05 रन) को आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया।
ऐसा रहा मैच का हाल: इस मुकाबले में मुल्तान सुल्तान्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद रावलपिंडी की टीम ने सैम बिलिंग्स की 34 गेंदों पर नाबाद 56 रनों की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 182 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में मुल्तान सुल्तान्स के लिए साहिबजादा फरहान (38 गेंदों पर 68 रन) और जोश फिलिप (30 गेंदों पर 56 रन) ने अर्धशतक ठोका जिसके दम पर टीम ने महज़ 16.2 ओवर में 186 रनों का लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से जीत दर्ज की।