भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने सोमवार को कहा कि उन्होंने मंगलवार से न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले अभ्यास सत्र में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के साथ बातचीत की है। कोहली ने कहा कि पंत ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपनी गलतियों को समझते हैं और भविष्य में उनमें सुधार करेंगे।

Advertisement

जोहान्सबर्ग में दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में कागिसो रबाडा की गेंद पर पंत एक खराब शॉट खेल शून्य पर आउट हो गए थे, जिसे लेकर उनकी काफी आचोलना हुई थी।

Advertisement

कोहली ने सोमवार को कहा, "हमने अभ्यास सत्र में पंत से उनके शॉट को लेकर बातचीत की है। वहीं, बल्लेबाजों को पता होता है कि वह कैसा शॉट खेलकर आउट हो गए थे। एक खिलाड़ी के रूप में, सभी को उस जिम्मेदारी को स्वीकार करना होगा। मुझे लगता है कि प्रगति की शुरुआत वहीं से होगी। हमने अपने करियर में महत्वपूर्ण परिस्थितियों में गलतियां की हैं।"

कोहली ने कहा, "हम दबाव या फिर गेंदबाज के कौशल के कारण आउट हुए हैं। यह समझना महत्वपूर्ण है कि उस समय खिलाड़ी की मानसिकता और निर्णय क्या था और उस खिलाड़ी ने गलतियां कहां की है। एक बार जब हम अपनी गलती ढूंढ लेते हैं, तो हम समझ सकते हैं कि इसे दोबारा न दोहराएं।"

कोहली ने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गलतियों पर दी गई सलाह को भी याद किया।

उन्होंने कहा, "एमएस धोनी ने मुझे शुरुआत में बहुत अच्छी सलाह दी थी। उन्होंने एक बार मुझसे कहा था कि एक के बाद दूसरी गलती को दोहराने के बीच कम से कम 7-8 महीने का अंतर होना चाहिए। तभी आपका अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लंबा करियर हो सकता है और पंत में भी मैं कुछ इसी तरह का सुधार चाहता हूं। मैं जानता हूं कि पंत अपनी गलतियों को जल्दी सुधारेंगे।"

Advertisement

केपटाउन के निर्णायक मैच में मोहम्मद सिराज चोट के कारण अनुपलब्ध रहेंगे।

तीसरे टेस्ट के लिए अपनी उपलब्धता के बारे में बात करते हुए कोहली ने खुद को फिट घोषित किया।

कप्तान ने कहा, "हां, मैं बिल्कुल फिट हूं। सिराज अभी भी पिछले मैच में लगी अपनी चोट से उबर रहे हैं। वर्तमान में मुझे नहीं लगता कि वह तीसरे टेस्ट में खेल पाएंगे।"

Advertisement

सिराज के अनुपलब्ध होने के कारण उनकी जगह इशांत शर्मा या उमेश यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार