आईपीएल 2026 से पहले चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर लगातार चर्चा हो रही है कि क्या वह पूरे सीजन में सभी मैच खेल पाएंगे या नहीं। अब टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इस सवाल का जवाब देते हुए धोनी की उपलब्धता को लेकर स्थिति साफ करने की कोशिश की है।
आईपीएल 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत जल्द होने वाली है और पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स इस बार अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी। आगामी सीजन से पहले टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी को लेकर फैंस के बीच काफी चर्चा देखने को मिल रही है।
दरअसल, धोनी की उम्र को देखते हुए कई लोगों के मन में सवाल था कि क्या वह आईपीएल 2026 के सभी मुकाबले खेल पाएंगे या नहीं। अब इस मुद्दे पर सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार धोनी पूरे सीजन के सभी मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
काशी विश्वनाथन ने बुधवार (11 मार्च) को मीडिया से बातचीत में कहा कि धोनी के मैच खेलने को लेकर फैली अटकलों में ज्यादा सच्चाई नहीं है। उनके मुताबिक दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज टीम के लिए पूरे सीजन उपलब्ध रहेंगे और सभी मैच खेलने की उम्मीद है।
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि टीम में धोनी की सटीक भूमिका क्या होगी, इसका अंतिम फैसला कोचिंग स्टाफ ही करेगा। यह तय किया जाएगा कि वह विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे, केवल बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे या फिर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किए जाएंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी निराशाजनक रहा था। 2008 में लीग की शुरुआत के बाद पहली बार टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। ऐसे में कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में टीम इस बार जोरदार वापसी करना चाहेगी, जिसमें एमएस धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन अहम भूमिका निभा सकता है।
आईपीएल 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम:
एमएस धोनी (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवॉल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कंबोज, अकील होसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर और जाक फाउल्क्स।