Nat Sciver-Brunt Injury Update: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले से पहले इंग्लैंड टीम के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम की कप्तान और स्टार ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट चोट से पूरी तरह उबर चुकी हैं और साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार (2 जुलाई) को द ओवल में खेले जाने वाले इस सेमीफाइनल मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं।
दरअसल, नैट साइवर-ब्रंट को आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के ग्रुप स्टेज के दूसरे मुकाबले के दौरान चोट लग गई थी। मैच के दौरान वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गई थीं और पिछले तीन मुकाबलों में उन्हें बाहर रहना पड़ा, जिसके बाद उनके सेमीफाइनल खेलने को लेकर काफी सवाल उठने लगे थे। इंग्लैंड फैंस भी उनकी फिटनेस को लेकर चिंतित थे।
हालांकि अब इंग्लैंड के लिए राहत की खबर है। साइवर-ब्रंट ने मंगलवार और बुधवार दोनों दिन टीम के साथ पूरा अभ्यास किया और पूरी तरह फिट नजर आईं। सेमीफाइनल से पहले आयोजित प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने खुद भी अपनी फिटनेस को लेकर बड़ा बयान दिया।
नैट साइवर-ब्रंट ने कहा, "रिकवरी के दौरान मैंने काफी मेहनत की है और खुद को इस स्थिति तक पहुंचाने के लिए हर संभव कोशिश की। हमने रिकवरी के लिए जो भी तरीका अपनाया जा सकता था, वह सब किया और अब मैदान पर जो होगा, वही देखा जाएगा।"
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि नैट साइवर-ब्रंट की गैरमौजूदगी में भी इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया। चार्ली डीन की कप्तानी में टीम ने स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को हराकर ग्रुप-2 में अपराजित रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब कप्तान की वापसी से इंग्लैंड की टीम और भी मजबूत नजर आ रही है और वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल के लिए इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग XI:
एमी जोन्स (विकेटकीपर), डेनिएल वैट, नैट साइवर-ब्रंट, एलिस कैप्सी, हीथर नाइट, फ्रेया कैम्प, डैनी गिब्सन, चार्ली डीन (कप्तान), सोफी एक्लेस्टोन, लिंसी स्मिथ, लॉरेन बेल।