Women’s Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान हो गया है। भारतीय टीम 30 अगस्त से अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि 5 सितंबर को उसकी भिड़ंत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगी।
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने गुरुवार (6 अगस्त) को महिला एशिया कप 2026 के पूरे शेड्यूल का ऐलान कर दिया। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार महिला एशिया कप 28 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होगा। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को भारत का सामना हांगकांग से होगा। वहीं 5 सितंबर को सभी की नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर रहेंगी।
टूर्नामेंट के ग्रुप चरण के बाद दोनों ग्रुपों की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर और दूसरा 11 सितंबर को खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
अगर महिला एशिया कप के इतिहास की बात करें तो भारत अब तक की सबसे सफल टीम रही है। भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड सात बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। पिछली बार 2024 संस्करण में भी भारत फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था।
दूसरी ओर पाकिस्तान अभी भी अपने पहले महिला एशिया कप खिताब की तलाश में है। भारत के अलावा श्रीलंका और बांग्लादेश ने भी महिला एशिया कप की ट्रॉफी एक-एक बार अपने नाम की है।
Also Read: LIVE Cricket Score
महिला एशिया कप 2026 में भारत का शेड्यूल:
30 अगस्त – भारत vs थाईलैंड
3 सितंबर – भारत vs हांगकांग
5 सितंबर – भारत vs पाकिस्तान
महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, एन श्री चरणी, नंदनी शर्मा।