India vs Afghanistan T20I: भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी-20 इंटरनेशनल सीरीज औऱ एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह यश ठाकुर (Yash Thakur) को टीम में शामिल किया गया है, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार (10 सितंबर) को इसकी जानकारी दी।
हर्षित बीसीसीआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (CoE) में अपने रिहैब के दौरान अच्छी प्रगति कर रहे थे। लेकिन 7 सितंबर को एक मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाज़ी करते हुए उन्हें 'रेक्टस फेमोरिस' में खिंचाव (स्ट्रेन) आ गया, जिसके कारण वह बाहर हो गए हैं।
विदर्भ के लिए खेलने वाले 27 साल के यश ने इस साल जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने दो मैच खेले औऱ 4 विकेट अपने खाते में डाले। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 50 मैच खेले हैं और 7.04 की शानदार इकॉनमी रेट से 81 विकेट लिए हैं।
जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर इस सीरीज के लिए फिट हो गए हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।