भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) ने न्यूजीलैंड दौरे पर एक फैन का दिन यादगार बना दिया। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले गए तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट मुकाबले के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से मिलने और उनकी साइन की हुई जर्सी पाने के बाद फैन की आंखों में आंसू आ गए।
यह घटना बर्ट सटक्लिफ ओवल के पवेलियन के पास टीम बस के बाहर हुई। यहां यशस्वी जायसवाल ने फैन से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की और उसे भारतीय टीम की सफेद टेस्ट जर्सी गिफ्ट की। इस दौरान जायसवाल ने फैन को गले भी लगाया। दूसरी तरफ फैन अपने आंसू पोंछता नजर आया और उसने इस खास तोहफे के लिए जायसवाल का आभार जताया।
इसके बाद फैन ने कैमरे के सामने अपनी यादगार जर्सी दिखाई। इस सफेद जर्सी पर 64 नंबर लिखा था और उस पर यशस्वी जायसवाल के साइन थे। फैन ने भारत के लिए अपना उत्साह दिखाते हुए सलामी भी दी। इसके अलावा उसने एक दूसरी सफेद जर्सी भी दिखाई, जिस पर 21 नंबर था। यह जर्सी भारत ए की कप्तानी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की थी। इस तरह दोनों खिलाड़ियों से मिली जर्सी उसके लिए जिंदगी भर याद रहने वाला तोहफा बन गई।
VIDEO:
मैदान पर भी यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में पहली पारी 5 विकेट के नुकसान पर 464 रन बनाकर घोषित की। टीम के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे जायसवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 138 गेंदों में 102 रन बनाए। वहीं कप्तान ध्रुव जुरेल ने मध्यक्रम में अहम योगदान दिया और 95 गेंदों में 71 रन की पारी खेली। यह मैच मंगलवार (10 नवंबर) को आखिरी दिन ड्रॉ पर खत्म हुआ।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब दोनों खिलाड़ी भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलते नजर आएंगे। इस सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से वेलिंगटन में होगी। ऐसे में भारत ए के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बाद जायसवाल और जुरेल की नजरें अब सीनियर टीम के साथ आगामी टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने पर होंगी।