डि विलियर्स और गेल जैसे बल्लेबाज लय में हों तो अधिक कुछ नहीं कर सकते : धोनी

Updated: Wed, Mar 04 2015 07:53 IST

पर्थ/नई दिल्ली, 04 मार्च (CRICKETNMORE) । भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि जब एबी डि विलियर्स और क्रिस गेल जैसी क्षमता वाले बल्लेबाज लय में होते हैं तो गेंदबाज या कप्तान अधिक कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, ईमानदारी से कहूं तो अगर कोई खिलाडी छक्के जड़ रहा है तो आप इस बारे में अधिक कुछ नहीं कर सकते क्योंकि आप इसके लिए क्षेत्ररक्षण नहीं सजा सकते। अगर वे शार्ट पिच गेंदों को मारने लगे तो अधिकांश समय आप शार्ट पिच गेंद फेंकने की जंग में हार जाओगे। आप अधिक कुछ नहीं कर सकते। धोनी ने कहा कि बल्लेबाजों को सिर्फ विविधता से ही छकाया जा सकता है।

धोनी ने कहा, आप बल्लेबाज को छकाने की कोशिश करते हो। अगर क्रिस गेल या डि विलियर्स लय में हों तो मुझे लगता है कि यह गेंदबाजों को कुछ अन्य चीजों को परखने का मौका देता है। भारतीय कप्तान ने कहा कि जब गेल या डि विलियर्स लय में हों तो यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि मुश्किल मौकों का भी फायदा उठाया जाये। गेल काफी अच्छी फार्म में नहीं है लेकिन वेस्टइंडीज टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेंगे। गेल ने पिछले दो दिन से अभ्यास नहीं किया है लेकिन यह पिछले कुछ महीनों से लगातार क्रिकेट के बाद आराम की तरह हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत डि विलियर्स को तो रोकने में कामयाब रहा था लेकिन शुक्रवार को धोनी और उनकी टीम को जमैका के आक्रमक बल्लेबाज गेल को जिम्बाब्वे के खिलाफ वाले प्रदर्शन को दोहराने से रोकना होगा। गेल ने कैनबरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें