इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का खराब प्रदर्शन पंजाब किंग्स के खिलाफ भी जारी रहा। पंजाब के खिलाफ हार के बाद ये टीम पॉइंट्स टेबल में और नीचे खिसक गई है। छह मैच खेलने के बाद, ऋषभ पंत की टीम ने दो मैच जीते हैं और चार मैच हारे हैं। इस हार के बाद लखनऊ की टीम की काफी आलोचना भी हो रही है क्योंकि मैच के दौरान कुछ ऐसे फैसले लिए गए जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया।
ऐसा ही एक फैसला था पंजाब के खिलाफ युवा आयुष बदोनी को ओपनिंग के लिए भेजना। जब LSG ने पहली पारी में 254 रन लुटा दिए तो लक्ष्य का पीछा करने उतरी LSG ने आयुष बडोनी को मिचेल मार्श के साथ ओपनिंग के लिए भेजा। एडेन मार्करम को ओपनर के रूप में ना देखकर क्रिकेट पंडित हैरान थे और उन्हीं में से एक जहीर खान भी रहे जिन्होंने इस फैसले को लेकर मैनेजमेंट को जमकर फटकार लगाई।
ज़हीर खान ने क्रिकबज्ज से बात करते हुए कहा, "ये एक अजीब फ़ैसला था। बदोनी एक काबिल बल्लेबाज़ हैं, जिनका खेलने का अंदाज़ काफ़ी अलग है। लेकिन आपको पूरे सीज़न के बारे में भी सोचना होगा। एडेन मार्करम इस सीज़न में अब तक तीन अलग-अलग पोज़िशन पर बल्लेबाज़ी कर चुके हैं। आप बल्लेबाज़ी क्रम में स्थिरता कैसे लाएंगे? यहीं पर LSG संसाधनों के इस्तेमाल और अपनी बल्लेबाज़ी लाइनअप से सही असर डालने के मामले में थोड़ी कन्फ़्यूज़्ड नज़र आ रही है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
आगे बोलते हुए जहीर ने निकोलस पूरन की पारी पर भी बात की और कहा, "वो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, इसलिए बस उन्हें आत्मविश्वास देने की ज़रूरत है। ये पक्का करें कि उन्हें अपनी भूमिका के बारे में पूरी स्पष्टता हो कि उन्हें गेंदबाज़ों पर दबाव बनाना है। आज रात के लक्ष्य को देखते हुए, आप मैच हार सकते हैं, लेकिन आपको सही इरादे के साथ खेलना चाहिए था। चिंता की बात ये है कि वो इरादा नदारद था। जब गेंद फ़ुल लेंथ पर आई, तो ऐसा लगा जैसे वो छक्के मारने से पहले अपनी पारी को ज़माने की कोशिश कर रहे थे।"