भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) शुक्रवार (4 सितंबर) को अपना 26वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके मेंटर और भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने उन्हें बेहद खास अंदाज में बधाई दी। युवराज ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो शेयर किया है।
युवराज सिंह का अभिषेक शर्मा के क्रिकेट करियर में काफी बड़ा योगदान रहा है। दोनों लंबे समय से साथ काम कर रहे हैं और युवराज ने अभिषेक को इंटरनेशल क्रिकेट तक पहुंचने में काफी मदद की है। अब अभिषेक भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह मजबूत कर चुके हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खास पहचान बना चुके हैं।
अभिषेक के जन्मदिन पर युवराज ने अपने अधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंटर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें युवराज अभिषेक से उठक-बैठक करवाते नजर आए। इसी दौरान उन्होंने अभिषेक से वादा करवाया कि वह मैच की पहली गेंद पर जल्दबाजी में बड़ा शॉट नहीं लगाएंगे।
युवराज ने मजाकिया अंदाज में अभिषेक से कहा, “बोल, मैं पहली बॉल ते लप्पा नहीं मारांगा।” इसके बाद कान पकड़कर उठक-बैठक कर रहे अभिषेक ने जवाब दिया, “मैं पहली बॉल ते लप्पा नहीं मारांगा।” फिर युवराज कहते हैं, "बोल, मैं टाइम लेकर बल्लेबाजी करांगा, तीसरा कि मैं सोचकर ही स्कोर करांगा और चौथा कि मैं पहली बॉल ते लिफ्ट नहीं मारांगा।" दोनों का यह मजेदार अंदाज सोशल मीडिया पर फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
अभिषेक ने पिछले कुछ समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। भारतीय टीम के लिए अब तक वह 55 T20I पारियों में 1,629 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 187.24 का रहा है।