IND vs WI ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन टीम में कुछ बड़े नाम एशियन गेम्स 2026 का हिस्सा होने की वजह से उपलब्ध नहीं हैं। इसमें एक नाम उपकप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) का भी है। ऐसे में नंबर-4 की अहम जिम्मेदारी किस बल्लेबाज को मिलती है, यह देखने वाली बात होगी। टीम में कुछ ऐसे विकल्प मौजूद हैं, जो इस नंबर पर बल्लेबाजी का जिम्मा संभाल सकते हैं।
1. रुतुराज गायकवाड़
नंबर-4 पर श्रेयस अय्यर की जगह लेने के सबसे प्रबल दावेदारों में रुतुराज गायकवाड़ का नाम सामने आता है। रुतुराज को भी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है और वह पहले भी अय्यर की गैरमौजूदगी में यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पिछले साल नवंबर-दिसंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में श्रेयस अय्यर चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। उस दौरान रुतुराज को उनकी जगह मौका मिला था। उन्होंने दूसरे वनडे में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों पर 105 रन की शतकीय पारी खेली थी।
वनडे क्रिकेट में रुतुराज ने अब तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 28.50 की औसत से 228 रन हैं। उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक भी दर्ज है।
2. ध्रुव जुरेल
दूसरा नाम ध्रुव जुरेल का है। जुरेल को इस सीरीज के लिए केएल राहुल के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, जरूरत पड़ने पर वह नंबर-4 पर भी बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। जुरेल इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था और दूसरे टेस्ट में 115 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी।
जुरेल ने अभी तक भारत के लिए वनडे डेब्यू नहीं किया है। लेकिन लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड काफी मजबूत है। 17 मैचों में उन्होंने 74.70 की शानदार औसत से 747 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं।
3. केएल राहुल
इस लिस्ट में तीसरा नाम केएल राहुल का है और उन्हें नंबर-4 पर उतारना कोई चौंकाने वाला फैसला नहीं होगा। राहुल ने अपने करियर में ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक अलग-अलग नंबरों पर बल्लेबाजी करते हुए रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में राहुल का रिकॉर्ड भी शानदार है। उन्होंने 98 मुकाबलों में 49.11 की औसत से 3412 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिव नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर।