केएल राहुल एक ऐसा नाम, जो अकेले दम पर भारत को जीत दिलाने का माद्दा रखता है लेकिन ना जाने वो दिन कब आएगा कि वो भारत को अपनी पारी से जीत दिलाएंगे क्योंकि फिलहाल तो उनका फॉर्म टीम इंडिया के लिए मुसीबत ही बना हुआ है। जब-जब बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की बारी आती है राहुल फिसड्डी साबित हुए हैं। फिर चाहे हम एशिया कप की बात करें या हाल ही में समाप्त हुई ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज की।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज डिसाइडर मैच में राहुल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन ये जनाब तो 1 रन बनाकर ही चलते बने। पिछली पांच पारियों में राहुल ने बेशक 2 हाफ सेंचुरी लगाई हों लेकिन इस दौरान उनकी हाफ सेंचुरी के बाद भी भारत को हार का सामना करना पड़ा था। एशिया कप में भी राहुल पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। पाकिस्तान के खिलाफ दो पारियों में वो 0 और 28 रन ही बना पाए थे जबकि श्रीलंका के खिलाफ अहम मैच में सिर्फ 6 रन बना पाए थे। ज़ाहिर है कि टीम इंडिया इस समय केएल राहुल को सिर्फ ढो रही है क्योंकि प्रदर्शन के आधार पर तो उनकी जगह बिल्कुल भी नहीं बन रही है।

Advertisement

केएल राहुल खुद तो परफॉर्म कर नहीं रहे हैं और जो खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं उनकी जगह भी नहीं बनने दे रहे हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ की, जिन्होंने लगातार घरेलू सर्किट में खुद को साबित किया है लेकिन राहुल की वजह से इनका इंतज़ार लंबा होता जा रहा है और टीम इंडिया भी होनहार ओपनर्स को इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। अगर पृथ्वी शॉ की बात करें तो लंबे वक्त से वो टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं लेकिन हाल ही में उन्होंने इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए 48 बॉल में 77 रनों की आतिशी पारी खेली थी और इससे पहले भी वो कई तूफानी पारियां खेलकर खुद को साबित कर चुके हैं। अगर आईपीएल 2022 की बात करें तो बीते सीज़न में पृथ्वी ने 10 मैचों में 283 रन बनाए थे। वहीं, आईपीएल 2021 में तो वो गज़ब के फॉर्म में थे उस दौरान उन्होंने 15 मैचों में 479 रन बनाए थे।

दूसरी तरफ अगर शुभमन की बात करें तो शुभमन बेशक टी-20 नहीं खेले हैं लेकिन उन्होंने वनडे फॉर्मैट में खुद को साबित किया है और उनका आईपीएल रिकॉर्ड भी उन्हें टीम में शामिल करने के लिए काफी है। आईपीएल में शुभमन ने 74 मैच में 1900 रन बनाए हैं। अगर बीते आईपीएल 2022 में शुभमन के प्रदर्शन की बात करें तो गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए शुभमन गिल ने 16 मैच में 483 रन बनाए थे और गुजरात को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में अब आप लोग ही बताईए कि क्या पृथ्वी शॉ और शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ी केएल राहुल से बेहतर विकल्प हो सकते हैं या नहीं।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार