Top-5 Players With Most Matches In ICC Men's T20 World Cup History: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 07 फरवरी से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होगा। तो आइए आज इस खास आर्टिकल के जरिए हम आपको बताते हैं उन पांच खिलाड़ियों के नाम जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक मुकाबले खेलने का कारनामा किया।
5. जोस बटलर (Jos Buttler): इंग्लैंड के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज़ जोस बटलर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पांचवें सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक इस टूर्नामेंट के 35 मुकाबले खेले हैं और 1013 रन बनाए हैं। खास बात ये है कि वो आगामी वर्ल्ड कप में भी एक्शन में नज़र आएंगे।
4. महमूदुल्लाह रियाद (Mahmudullah Riyad): बांग्लादेश के पूर्व खिलाड़ी महमूदुल्लाह रियाद इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। इस हरफनमौला खिलाड़ी ने अपने देश के लिए टी20 वर्ल्ड कप में कुल 37 मुकाबले खेले और 458 रन बनाए। बताते चलें कि इस दौरान महमूदुल्लाह ने 9 विकेट भी झटके।
3. डेविड वॉर्नर (David Warner): ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर इस लिस्ट में ना हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। इस महान बल्लेबाज़ ने टी20 वर्ल्ड कप में कुल 41 मुकाबले खेलकर ये मुकाम हासिल किया है। उन्होंने साल 2024 में अपने करियर का आखिरी टी20 वर्ल्ड कप मैच खेला और 984 रन बनाए।
2. शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan): इस खास लिस्ट में बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन दूसरे पायदान पर हैं। जान लें कि 38 साल के शाकिब ने अपने देश के लिए कुल 43 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 853 रन बनाए और 50 विकेट झटके। वो टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
1. रोहित शर्मा (Rohit Sharma): आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक मुकाबले खेलने का महारिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज़ रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। गौरतलब है कि हिटमैन ने भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में कुल 47 मुकाबले खेलकर ये रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 34.85 की औसत से कुल 1220 रन बनाए। बताते चलें कि वो टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह चुके हैं।