अंडर 14 राष्ट्रीय फुटबॉल टीम: बिहार के सीवान जिले के मैरवा में खेतों के बीच बने मैदान में 16 वर्षीय श्रुति कुमारी के साथ कई लड़कियां फुटबॉल के साथ आगे-पीछे दौड़ रही हैं। कभी लड़कियां फुटबॉल को किक मार रही हैं तो दो लड़कियां बारी-बारी से गोल पोस्ट के अंदर फुटबॉल को जाने से रोक रही हैं। कुछ ही दूरी पर बेस बॉल के साथ लडकियां मैदान पर पसीना बहा रही हैं।

Advertisement

खेल के क्षेत्र में कुछ कर गुजरने के तमन्ना लिए ये निर्धन परिवार की बेटियां सुबह और शाम इसी खेल मैदान में प्रैक्टिस करती हैं। यहां प्रतिदिन करीब 90 से 100 लडकियां आती हैं और अपने सपने को पूरा करने में जुटी हैं।

Advertisement

पटना से करीब 150 किलोमीटर दूर सीवान के मैरवा में रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्टस एकेडमी इन ग्रामीण लड़कियों को न केवल सपना दिखा रहा है बल्कि उनके सपनों को पूरा भी करा रहा है। 2009 से प्रारंभ इस एकेडमी ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए। यहां से निकली कई लडकियों को आज खेल कोटे से सरकारी नौकरी भी मिल गई है।

आपको जानकर यह आश्चर्य होगा कि इस एकेडमी के संस्थापक संजय पाठक खुद इसके कर्ताधर्ता हैं। सबसे गौर करने वाली बात है कि पाठक का खेल से कोई नाता नहीं है, वे आदर्श मध्य विद्यालय में सामाजिक विज्ञान के शिक्षक हैं।

संजय आईएएनएस को बताते हैं कि गुठनी के एक स्कूल से उनका स्थानांतरण 2009 में शिक्षक के तौर पर मैरवा में हुआ। इसी दौरान पंचायत स्तर पर एक खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना था। स्कूल के छठी क्लास की दो छात्रा तारा खातून और पुतुल कुमारी दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहती थीं। इसके लिए मैंने प्रशिक्षण की व्यवस्था की और यह प्रयास रंग लाया।

ये दोनों लड़कियां प्रखंड स्तर पर गोल्ड जीत लाई थीं, फिर दोनों का चयन जिले के लिए हुआ वहां भी उन्होंने खेला और स्टेट लेवल पर सिल्वर और गोल्ड जीता। बाद में ये लड़कियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश के लिए खेलीं।

Advertisement

संजय आईएएनएस को बताते हैं कि इसके बाद मुझे महसूस हुआ कि यहां की ग्रामीण परिवेश की लडकियों में उड़ने की क्षमता है, बस उन्हें उत्साहित करने और आसमान दिखाने की जरूरत है। उसी समय मैंने यहां की लड़कियों को प्रशिक्षित करने का बीड़ा उठाया।

शुरू में स्कूल के मैदान से ही इसकी शुरूआत कर दी। उन्होंने कहा कि हालांकि यह इतना आसान नहीं था। ग्रामीण परिवेश में लड़कियों को हाफ पैंट पहनने का विरोध प्रारंभ हुआ। स्कूल के खेल मैदान को छोड़कर खेतों को मैदान बनाया गया और फिर एकेडेमी की शुरूआत कर दी गई। उन्होंने बताया कि जमीन तो अपनी थी लेकिन अन्य व्यवस्था करने में पत्नी के गहने तक बिक गए।

वे कहते हैं कि इसके लिए मैंने भी यूट्यूब से मदद ली और खेल की बारीकियों को सीखा। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस एकेडमी में 90 से 100 लड़कियां हैं, जिसमें 45 आवासीय सुविधा के तहत यहीं रहती हैं। वे यहां पढ़ाई भी करती हैं और खेल भी रही हैं।

Advertisement

संजय का दावा है कि उनकी इस एकेडमी से निकलकर एक दर्जन से ज्यादा लड़कियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जा चुकी हैं तो 60 से अधिक राष्ट्रीय खिलाड़ी निकल चुकी हैं, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाली डेढ़ दर्जन से अधिक लड़कियां भारतीय रेलवे, एसएसबी और अन्य विभागों में तथा राज्य सरकारों के भी विभिन्न दफ्तरों में खेल कोटे से नौकरी कर रही हैं।

शिबू कुमारी (15) बिहार टीम की ओर से त्रिपुरा में आयोजित हुए राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खेल चुकी हैं। साबरा खातून बिहार जूनियर फुटबॉल टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं जिसकी कप्तानी में बिहार ने रजत पदक प्राप्त किया।

अमृता कुमारी अंडर 14 राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए चुनी गई। इसके अलावा अमृता अंडर 16 में भारतीय टीम की कप्तानी भी की।

Advertisement

उन्होंने कहा कि प्रारंभ में तो सबकुछ घर से लगा, लेकिन जब यहां की लडकियां निकलने लगी तब लोगों का ध्यान इस ओर गया। आज आम लोगों के अलावे कई कंपनियां भी मदद देती हैं।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार