भारत के 'मिनी ब्राजील' के नाम से मशहूर शहडोल जिले के विचारपुर गांव के फुटबॉल खिलाड़ियों को अब सरकार की ओर से बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। फुटबॉल के प्रति समर्पित इस गांव के खिलाड़ियों के लिए सरकार सभी सुविधाओं से लैस आधुनिक फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण कराने जा रही है।
युवा एवं खेल कल्याण विभाग के माध्यम से करोड़ों रुपए की लागत से यह ग्राउंड बनाया जाएगा। जल्द शुरू होने वाले इस निर्माण कार्य को लेकर गांव के खिलाड़ियों और कोच में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों ने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
दरअसल, शहडोल जिले का विचारपुर गांव आज देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी 'मिनी ब्राजील' के नाम से अपनी अलग पहचान बना चुका है। इस गांव के लगभग प्रत्येक घर से कोई न कोई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेल चुका है। हालांकि, अब तक यहां खेल मैदान और अन्य आवश्यक खेल सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच नहीं मिल पा रहा था, लेकिन अब सरकार ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से करीब 5 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से फुटबॉल ग्राउंड के निर्माण को मंजूरी दे दी है। सरकार की ओर से मिले इस बड़े उपहार से गांव के खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री सहित शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी एवं विचारपुर गांव निवासी सफदर हुसैन बोहरा ने 'आईएएनएस' को बताया कि करीब 30 वर्ष पहले इस गांव में फुटबॉल खेल की शुरुआत हुई थी। संसाधनों की कमी और कई तरह की कठिनाइयों के बावजूद यहां के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और कौशल के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। वर्ष 2023 में गांव के कुछ बच्चों को देश के प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिला था। उस दौरान बच्चों ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे 'मिनी ब्राजील' के नाम से प्रसिद्ध गांव विचारपुर के रहने वाले हैं। बच्चों का फुटबॉल के प्रति समर्पण देखकर प्रधानमंत्री भी काफी प्रभावित हुए। उन्होंने इसका उल्लेख 'मन की बात' कार्यक्रम सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक पॉडकास्ट कार्यक्रम में भी किया था।
बोहरा ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री के इस गांव और यहां के फुटबॉल खिलाड़ियों के प्रति विशेष लगाव का ही परिणाम है कि आज यहां के बच्चों को जर्मनी में फुटबॉल के गुर सीखने का अवसर मिला है। इसके साथ ही अब प्रशासन के माध्यम से करोड़ों रुपए की लागत से फुटबॉल ग्राउंड के उन्नयन के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सहयोग से गांव के बच्चों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
विचारपुर गांव की कोच लक्ष्मी सईस ने भी इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिनी ब्राजील विचारपुर का नाम लिया जाता है, तो लोगों के बीच इस गांव और यहां के फुटबॉल खिलाड़ियों के प्रति खास लगाव और सम्मान देखने को मिलता है। सरकार की ओर से गांव में फुटबॉल मैदान के निर्माण का निर्णय यहां के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे भविष्य में युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मौका मिलेगा।
पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी सानिया कुंडे ने कहा कि अत्याधुनिक फुटबॉल ग्राउंड मिलने से उनके खेल में और निखार आएगा। इससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का हुनर दिखा सकेंगे। कुंडे को यह जानकर बहुत खुशी हो रही है कि यहां आधुनिक फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले खिलाड़ियों को सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता था, लेकिन अब धीरे-धीरे सभी जरूरी सुविधाएं मिलने लगी हैं। जब देश-विदेश में हमारे क्षेत्र और मिनी ब्राजील विचारपुर का नाम लिया जाता है, तो हमें गर्व और खुशी महसूस होती है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अजय सोंधिया ने बताया कि विचारपुर गांव में लगभग हर घर से एक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेल चुका है, लेकिन अब तक सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को अपने कौशल को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच नहीं मिल पा रहा था। बड़े-बड़े देशों में जिस स्तर के आधुनिक फुटबॉल मैदान उपलब्ध हैं, वैसी सुविधाएं यहां न होने के कारण खिलाड़ियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सरकार की ओर से मिलने वाली इस सुविधा पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि फुटबॉल ग्राउंड के निर्माण से निश्चित ही यहां के खिलाड़ियों को एक नई दिशा मिलेगी और आने वाले समय में यहां के बच्चे देश को एक अलग पहचान दिलाने में सफल होंगे।
नन्हे फुटबॉल खिलाड़ी यश बैगा और वंश बैगा ने कहा कि नया फुटबॉल ग्राउंड बनने से उन्हें खेलने में बेहतर सुविधा मिलेगी और वे अपने खेल का अभ्यास अच्छे तरीके से कर सकेंगे। उन्होंने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक फुटबॉल ग्राउंड को लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान ने बताया कि विभाग की तरफ से मिनी ब्राजील के नाम से प्रसिद्ध विचारपुर गांव में फुटबॉल ग्राउंड निर्माण के लिए एक प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर विभाग की ओर से करीब 5 करोड़ 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक फुटबॉल ग्राउंड में खिलाड़ियों को वे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जो उनके खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक होंगी।
नन्हे फुटबॉल खिलाड़ी यश बैगा और वंश बैगा ने कहा कि नया फुटबॉल ग्राउंड बनने से उन्हें खेलने में बेहतर सुविधा मिलेगी और वे अपने खेल का अभ्यास अच्छे तरीके से कर सकेंगे। उन्होंने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
अभिषेक दीवान ने बताया कि यहां के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण जर्मनी सहित अन्य कई देशों से फुटबॉल कोच भी यहां पहुंचकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं। ऐसे में अब स्टेडियम बनने के बाद बड़े खिलाड़ी, कोच और खेल से जुड़े विशेषज्ञों का यहां आना-जाना और बढ़ेगा, जिससे विचारपुर का फुटबॉल भविष्य और अधिक उज्ज्वल हो सकेगा।