Bangladesh vs New Zealand 3rd T20I: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में शनिवार (2 मई) को खेले गए इस बारिश प्रभावित मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया। डीएलएस नियम के तहत 15-15 ओवर के इस मैच में बांग्लादेश की टीम 102 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में बेवोन जैकब्स की शानदार पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 11.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। तंजीद हसन 6 रन और सैफ हसन 16 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जबकि परवेज हुसैन खाता भी नहीं खोल पाए।
इसके बाद कप्तान लिटन दास ने 26 रन और तौहीद हृदय ने 33 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। लगातार विकेट गिरने के चलते बांग्लादेश की पूरी टीम 14.2 ओवर में 102 रन पर सिमट गई।