श्रीलंका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के दूसरे दिन पथुम निसांका (Pathum Nissanka) के अर्धशतक की मदद से साउथ अफ्रीका के खिलाफ मजबूत वापसी की। श्रीलंका ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 67 ओवर में 3 विकेट खोकर 242 रन बना लिए है। वो साउथ अफ्रीका के स्कोर से अभी भी 116 रन पीछे है।
श्रीलंका की तरफ से पहली पारी में सबसे ज्यादा रन पथुम निसांका ने बनाये। उन्होंने 157 गेंद में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 89 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। दिनेश चांदीमल ने 97 गेंद में 5 चौको की मदद से 44 रन की पारी खेली। निसांका और चांदीमल ने दूसरे विकेट के लिए 109(172) रन की शतकीय साझेदारी निभाई।
एंजेलो मैथ्यूज 71 गेंद में 6 चौको की मदद से 40 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए है। वहीं कामिंदु मेंडिस 38 गेंद में 3 चौको की मदद से 30 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। निसांका और मैथ्यूज ने तीसरे विकेट के लिए 49(69) रन जोड़े। मैथ्यूज और मेंडिस चौथे विकेट के लिए 43(70)* रन की साझेदारी कर चुके हैं। साउथ अफ्रीका की तरफ से पहली पारी में एक-एक विकेट केशव महाराज, कागिसो रबाडा और डेन पैटर्सन ने झटका।