आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण (ICC Women's T20 World Cup 2026) इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा जो कि 12 जून से शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में पांच बड़े रिकॉर्ड बन सकते हैं। तो आइए आज हम आपको अपने इस खास आर्टिकल के जरिए इन्हीं रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं।
एलिस पेरी पूरा करेंगी ऐतिहासिक अर्धशतक: ऑस्ट्रेलिया की महान ऑलराउंडर एलिस पेरी महिला टी20 वर्ल्ड कप में 50 मुकाबले पूरे करने के बेहद करीब हैं। उन्हें ऐसा करने के लिए साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ तीन मुकाबले खेलने हैं। खास बात ये है कि महिला और पुरुष, दोनों के ही टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कोई भी खिलाड़ी ये कारनामा नहीं कर सका है। बताते चलें कि एलिस पेरी ने अब तक 47 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं। उनके अलावा सिर्फ भारत के दिग्गज क्रिकेटर रोहित शर्मा ने ही टी20 वर्ल्ड कप में 47 मैच खेले हैं। वो इस फॉर्मेट (इंटरनेशनल लेवल) से रिटायरमेंट ले चुके हैं।
हरमनप्रीत कौर का दोहरा शतक: ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय कैप्टन हरमनप्रीत कौर भी एक ऐसा रिकॉर्ड बनाएंगी जो कि दुनिया का कोई भी दूसरा क्रिकेटर नहीं बना सका है। दरअसल, कैप्टन हरमन आगामी टी20 वर्ल्ड कप में जैसे ही तीन मुकाबले खेलेंगी, वो महिला T20I में अपने 200 मुकाबले पूरे कर लेंगी और टी20 इंटरनेशनल में ये दोहरा शतक बनाने वाली पहली खिलाड़ी होंगी। उनके बाद सर्वाधिक टी20I न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स (183 मैच) ने खेले हैं।