न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले में अफगानिस्तान की पारी की आखिरी गेंद पर एक हैरतअंगेज़ पल देखने को मिला। लॉकी फर्ग्यूसन ने जबरदस्त फुर्ती दिखाते हुए रनआउट पूरा किया, लेकिन इसके तुरंत बाद थकान से मैदान पर गिर पड़े। इस नज़ारे ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को चौंका दिया और सोशल मीडिया पर भी वीडियो तेज़ी से वायरल हो गया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चौथा मुकाबला न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला रविवार, 8 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। अफगानिस्तान की पारी की आखिरी गेंद पर ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज़ लॉकी फर्ग्यूसन रनआउट करने के बाद थकान के कारण पिच पर गिर पड़े।
दरअसल पारी की आखिरी गेंद पर फर्ग्यूसन ने मोहम्मद नबी को ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गेंद फेंकी, जिसे नबी ने डीप कवर की ओर खेला। नबी और अजमतुल्लाह उमरजई ने पहला रन आराम से पूरा किया, लेकिन दूसरे रन के लिए उमरजई का फैसला भारी पड़ गया।