आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर अपनी राय दी है। उनकी चुनी हुई टीम में कप्तान ऋषभ पंत और तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई मोहम्मद शमी कर रहे हैं।
आईपीएल की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और एक बार फिर दुनिया के बेहतरीन टी20 क्रिकेटर इस लीग में अपना दम दिखाते नजर आएंगे। इस सीजन को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है और सभी की नजर इस बात पर है कि कौन सी टीम किस रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। इसी बीच आकाश चोपड़ा ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर अपनी राय दी है। उनका मानना है कि लखनऊ की टीम के पास इस बार बल्लेबाजी, ऑलराउंडर और गेंदबाजी का शानदार संतुलन मौजूद है, जो उन्हें खिताब का मजबूत दावेदार बना सकता है।
आकाश चोपड़ा के अनुसार टीम की ओपनिंग की जिम्मेदारी एडेन मार्करम औरमिचेल मार्श संभाल सकते हैं। ये दोनों बल्लेबाज पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं और टीम को मजबूत शुरुआत दिला सकते हैं। नंबर तीन पर निकोलस पूरन को रखा जा सकता है, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से शुरुआती ओवरों में ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं। इसके बाद टीम की कमान संभालते हुए कप्तान ऋषभ पंत नंबर चार पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। लोअर मिडिल ऑर्डर में आयुष बदोनी और अब्दुल समद की जिम्मेदारी अहम हो सकती है, जो बड़े शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बना सकते हैं।