आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय युवा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मुकाबले में उन्होंने 48 रन की तेज पारी खेल टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और इसी दौरान उन्होंने बतौर भारतीय खिलाड़ी SRH के लिए इतिहास भी रच दिया है।
आईपीएल 2026 का छठा मुकाबला गुरुवार (2 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा। ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में ओपनिंग करते हुए अभिषेक ने सिर्फ 21 गेंदों में 48 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
अपनी इस पारी के दौरान ही अभिषेक ने SRH के लिए IPL में 100 छक्के पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ वह इस फ्रेंचाइज़ी के लिए 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं और अब उनके नाम 76 मैचों में 101 छक्के दर्ज हो चुके हैं।