टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस बड़े मुकाबले में उन्होंने बेहद तेज अर्धशतक जड़कर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक ने अपनी पारी को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फाइनल में उन्होंने अपने नहीं बल्कि एक साथी खिलाड़ी के बल्ले से बल्लेबाजी की थी।
अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम इंडिया को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। खास बात यह रही कि उनका अर्धशतक महज 18 गेंदों में आया, जो इस पूरे टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक भी रहा।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी से जुड़ा एक दिलचस्प राज भी बताया। उन्होंने खुलासा किया कि इस मुकाबले में उन्होंने अपने बल्ले से नहीं बल्कि भारतीय स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे के बल्ले से बल्लेबाजी की थी। अभिषेक ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने शिवम दुबे के बल्ले से बल्लेबाजी की, इसलिए दुबे का धन्यवाद। सुबह मुझे लगा कि कुछ अलग ट्राई करना चाहिए। शुभमन गिल टीम का हिस्सा नहीं थे, इसलिए मैं दुबे के पास गया और उनका बल्ला उठा लिया।”