T20 World Cup 2026, Australia vs Oman: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने पूरी तरह दबदबा बना लिया। कप्तान मिचेल मार्श के पहले गेंदबाजी के फैसले को गेंदबाजों ने सही साबित किया और ओमान की टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 104 रन पर सिमट गई। एडम जाम्पा की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख एकतरफा कर दिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 40वां और ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला शुक्रवार (20 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गौरतलब है कि दोनों टीमें पहले ही सुपर-8 रेस से बाहर हो चुकी हैं, इसलिए यह मुकाबला सम्मान की लड़ाई के तौर पर देखा जा सकता है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम पहली ही गेंद पर अपनी विकेट दे बैठे। इसके बाद कप्तान जतिंदर सिंह (17) और करण सोनावाले (12) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। मध्य ओवरों में वसीम अली ने कुछ देर क्रीज पर टिककर 32 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला। नतीजा यह रहा कि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और पूरी टीम 16.2 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई।