पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद एक बार फिर से अपने बेबाक बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। शहजाद ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के उस रवैये की आलोचना की है, जिसमें वो उन खिलाड़ियों पर बैन लगा देती है जो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने पीएसएल से अपील की है कि वो बैन लगाने के बजाय अपनी बड़ी पहचान बनाने पर ध्यान दे।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए शहजाद ने कहा कि लीग बदलने वाले खिलाड़ियों पर बैन लगाना सही समाधान नहीं है, खासकर आज के माहौल में, जब IPL दुनिया भर के बेहतरीन खिलाड़ियों को अपनी ओर खींच रहा है। शहजाद ने कहा, "हमें इस बात पर अटके रहने के बजाय कि हमने किस पर बैन लगाया है और किस पर नहीं, बड़ी तस्वीर पर ध्यान देना चाहिए।"
डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ जैसे नामों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "ज़्यादातर, आपके पास वही खिलाड़ी हैं जो या तो IPL से रिटायर हो चुके हैं या जिनका वहां अब कोई भविष्य नहीं बचा है। सच कहूं तो, जिस भी खिलाड़ी के पास कोई अच्छा मौका होगा, वो IPL को ही चुनेगा।"