भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला (NZ vs IND 2nd Test) क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के तीसरे दिन रविवार, 29 नवंबर को भारत को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, मेहमान टीम के तेज गेंदबाज़ आकाश दीप (Akash Deep), जिन्होंने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 5 विकेट चटकाए थे, वो चोटिल होने के कारण बाहर हो गए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। खुद BCCI ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बल्लेबाजी करते समय आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लग गई। इसके बाद उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट (Concussion Substitute) के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। BCCI की मेडिकल टीम आकाश दीप की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।"
गौरतलब है कि भारत की बल्लेबाज़ी के दौरान सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि दो बार आकाश दीप चोटिल हुए। उन्हें दोनों ही बार काइल जेमीसन ने सिर पर गेंद मारी। यही कारण है, उन्हें खेल से बाहर होना पड़ा है। ये मेहमान टीम के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि आकाश दीप बेहद अच्छी लय में गेंदबाज़ी कर रहे थे। एक बार फिर बता दें कि उन्होंने न्यूजीलैंड की पहली पारी में विकेटों का पंजा खोला। उन्होंने 31.3 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट झटके।