ध्रुव जुरेल का अर्धशतक, लंच ब्रेक तक भारत ने 8 विकेट खोकर बनाए 206 रन (ध्रुव जुरेल का अर्धशतक, लंच ब्रेक तक भारत ने 8 विकेट खोकर बनाए 206 रन)
विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के शानदार अर्धशतक की मदद से भारत ने रविवार को हेगली ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक 71 ओवर में 8 विकेट खोकर 206 रन बना लिए हैं।
न्यूजीलैंड की पहली पारी में बनाए गए 356 रनों के जवाब में भारत अभी भी 150 रन पीछे है। भारत ने तीसरे दिन के पहले सेशन में दो विकेट खोकर 90 रन जोड़े। लंच ब्रेक तक जुरेल 121 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार सात रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।
116/6 से आगे खेलते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। काइल जेमीसन ने जुरेल के खिलाफ शुरुआत में बेहतरीन गेंदबाजी की। वहीं, दूसरे छोर से मैट हेनरी ने भी लगातार दबाव बनाया। हेनरी ने न्यूजीलैंड को दिन की पहली सफलता दिलाई और अंशुल कंबोज को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।