आईपीएल 2026 में खिलाड़ियों के अनोखे सेलिब्रेशन का सिलसिला जारी है। इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी के साथ अपने खास नोट वाले सेलिब्रेशन से सुर्खियां बटोरीं।
आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में LSG के 24 साल के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने अपनी गेंदबाजी और अनोखे सेलिब्रेशन से सभी का ध्यान खींच लिया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर चेन्नई की पारी के चौथे ओवर में आकाश सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को अपना शिकार बनाया। ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिस पर ऋतुराज पुल शॉट खेलने गए। हालांकि गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और मिड ऑन पर खड़े निकोलस पूरन ने आसान कैच पकड़ लिया। ऋतुराज की पारी 9 गेंदों में 13 रन बनाकर समाप्त हुई और CSK को पावरप्ले के अंदर बड़ा झटका लगा।