कभी अपनी खतरनाक बल्लेबाजी से विरोधी खेमे के गेंदबाजों के लिए काल बने वीरेंद्र सहवाग के नक्शे कदम पर उनके बेटे आर्यवीर चल रहे हैं। इसकी झलक पूरे विश्व ने अंडर-19 एशिया कप के टूर्नामेंट में देखी। सहवाग के बेटे ने अपनी बैटिंग की क्लास और आक्रमक शॉट्स खेलकर दिखा दिया कि उनमें अपने पिता की तरह ही बैटिंग क्षमता है। अंडर-19 एशिया कप का फाइनल हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ खेला गया। इस मैच में भी आर्यवीर सहवाग ने हाफ सेंचुरी जड़ टीम को मजबूती दिलाई थी। एक रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया।
आर्यवीर सहवाग की शानदार बल्लेबाजी के लिए उनकी हर तरफ तारीफ हो रही है, क्रिकेट के जानकार मानते हैं कि सहवाग ने बहुत ही कम उम्र में जो खेल दिखाया है, उसने वाकई सभी को चौंका दिया है। सभी यह मानने लगे हैं कि वीरेंद्र सहवाग की तरह की आर्यवीर भी बहुत बड़े बल्लेबाज बनेंगे।
दूसरी ओर, अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में हाफ सेंचुरी लगाने के बाद आर्यवीर सहवाग सोमवार को बागेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें बागेश्वर धाम सरकार के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर की गईं। फोटो में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी दिखाई दिए।