AFG Vs IND 1st T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए पहले टी20 मुकाबले में अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाया। अफगानिस्तान की पारी लड़खड़ाने के बाद मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi) और अजमतुल्लाह उमरजई (Azmatullah Omarzai) ने टीम को संभाल लिया था। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी बन चुकी थी और अफगानिस्तान वापसी करता नजर आ रहा था। तभी अर्शदीप सिंह ने अपनी चालाकी भरी गेंद से इस साझेदारी को तोड़ते हुए भारत को बड़ी सफलता दिला दी।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रविवार (13 सितंबर) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआती सात ओवर में ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई ने पारी को संभाल लिया।
दोनों छठे विकेट के लिए 83 रन जोड़ चुके थे और अफगानिस्तान की पारी को वापिस पटरी में ला रहे थे। इस मजबूत दिख रही साझेदारी को तोड़ने का तरीका अर्शदीप सिंह ने तलाश लिया। पारी के 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर अर्शदीप ने मोहम्मद नबी के लिए धीमी यॉर्कर का इस्तेमाल किया। नबी इस गेंद को लेग साइड की तरफ खेलने के इरादे से पीछे हटकर शॉट लगाने गए, लेकिन वह गेंद की रफ्तार को ठीक से नहीं पढ़ पाए। उन्होंने बल्ला घुमाया, मगर गेंद को छू तक नहीं सके। गेंद सीधे उनके पैरों के पास जाकर स्टंप्स में जा घुसी और गिल्लियां बिखेर दीं। मोहम्मद नबी 27 गेंदों में 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे।