बांग्लादेश ने एशिया कप में सुपर 4 के छठे मैच में भारत को 6 रन से हरा दिया। भारत की तरफ से शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली जो बेकार चली गयी। वहीं बांग्लादेश की तरफ से कप्तान शाकिब अल हसन और मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार प्रदर्शन किया। जीत के साथ बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से विदा ली। वहीं भारत रविवार को फाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा।
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 265 रन का स्कोर बनाया। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 80(85) रन कप्तान शाकिब अल हसन ने बनाये। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उनके अलावा तौहीद हृदोय ने 81 गेंद में 5 चौको और 2 छक्कों की मदद से 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों ने 101(115) रन की शतकीय साझेदारी निभाई। वहीं अंत में नसुम अहमद ने 44(45) और महेदी हसन ने 29(23)* रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट शार्दुल ठाकुर ने लिए। अनुभवी मोहम्मद शमी ने 2 विकेट चटकाए। एक-एक विकेट प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल को मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 49.5 ओवरों में 259 पर सिमट गयी। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के बल्ले से निकले। गिल ने 133 गेंद में 8 चौको और 5 छक्कों की मदद से 121 रन की शतकीय पारी खेली। ये वनडे में उनका 5वां शतक है जोकि 117 गेंद में आया था। वहीं अक्षर पटेल ने 34 गेंद में 3 चौको और 2 छक्कों की मदद से 42 रन की पारी खेली।