एशिया कप 2023 में सुपर 4 के दूसरे मैच में श्रीलंका ने सदीरा समरविक्रमा (Sadeera Samarawickrama) के अर्धशतक और कप्तान दासुन शनाका (Dasun Shanaka) की शानदार गेंदबाजी की मदद से बांग्लादेश को 21 रन से हरा दिया। इसी के साथ बांग्लादेश टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो गयी। ये श्रीलंका की लगातार 12वीं जीत है और हर बार उन्होंने विरोधी टीम को ऑलआउट किया है। बांग्लादेश की तरफ से तौहीद हृदोय ने अर्धशतकीय पारी खेली थी लेकिन वो टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी।
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 257 रन का स्कोर बनाया। श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 93(71) रन सदीरा समरविक्रमा ने बनाये। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा कुसल मेंडिस ने 50(73) रन की पारी खेली अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके लगाए। वहीं पथुम निसांका ने 60 गेंद में 5 चौको की मदद से 40 रन का योगदान दिया। मेंडिस और पथुम ने 74 (107) रन की साझेदारी निभाई। समरविक्रमा और कप्तान दासुन शनाका (32 गेंद में 24) के साथ छठे विकेट के लिए 60 (57 रन जोड़े। बांग्लादेश की तरफ से सबसे ज्यादा 3-3 विकेट हसन महमूद और तस्कीन अहमद ने अपने नाम किये। 2 विकेट शोरफुल इस्लाम के खाते में गए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 48.1 ओवरों में 236 के स्कोर पर ढेर हो गयी। बांग्लादेश की तरफ से सबसे ज्यादा रन तौहीद हृदोय ने बनाये। उन्होंने 97 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 82 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। मुश्फिकुर रहीम ने 48 गेंद में 29 रन बनाये। तौहीद और रहीम ने 5वें विकेट के लिए 72 (112) रन जोड़े। मेहदी हसन मिराज ने 29 गेंद में 4 चौको की मदद से 28 रन बनाये। श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 3-3 विकेट कप्तान दासुन शनाका, मथीशा पथिराना और महीश तीक्ष्णा ने लिए। उनके अलावा एक विकेट दुनिथ वेल्लागे को मिला।