भारत की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने आगामी महिला एशिया कप के लिए भारतीय टी20 टीम में सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को शामिल करने के फैसले पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस निर्णय के पीछे की वजह समझ नहीं आ रही है।
प्रतिका को आगामी एशिया कप (जो 28 अगस्त को दुबई में शुरू हो रहा है) के लिए भारत की टीम में जेमिमा रोड्रिग्स की जगह शामिल किया गया है। जेमिमा 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए दाहिने हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट (हाई-ग्रेड टियर) का शिकार हो गई थीं, जिसके कारण वह टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं हैं।
प्रतिका को पहली बार टी20 टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, उन्होंने नवंबर 2024 में चैलेंजर ट्रॉफी के बाद से कोई टी20 मैच नहीं खेला है, जहां उन्होंने 111.81 के स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए थे। एशिया कप के लिए प्रतिका को अनुष्का शर्मा और हरलीन देओल से आगे चुना गया, जो पहले टी20 टीम का हिस्सा रही थीं। प्रतिका वनडे विश्व कप 2025 के दौरान टखने की चोट के कारण यूपी वॉरियर्स के लिए महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 नहीं खेल पाई थीं।