एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची प्रेफेक्चर और नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच होगा। जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी के अनुसार, एशियन गेम्स क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए मेजबान क्षेत्र में कमरों की सीमित उपलब्धता के बावजूद होटल आवास की व्यवस्था की जा रही है।
पिछले हफ्ते टीमों के रहने की व्यवस्था को लेकर चिंताएं तब शुरू हुईं जब कई बड़ी एशियन टीमों ने पुरुषों और महिलाओं के टी20 इवेंट के लिए सुविधाओं और रहने की व्यवस्था, खासकर कमरों के आकार पर सवाल खड़े किए थे।
मियाजी ने बुधवार को 'आईएएनएस' से बातचीत में कहा, "एशियन गेम्स का आयोजन ओसीए के तहत एसीसी के साथ मिलकर आयोजन समिति (एआईएनएजीओसी) कर रही है। जेसीए ने कुछ मामलों में मदद की है, लेकिन वह सीधे तौर पर इसमें शामिल नहीं है। मैं बस इतना कह सकता हूं कि सभी पक्ष एशियन गेम्स में क्रिकेट को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनके पास तैयारी के लिए सिर्फ 17 महीने थे और उन्हें सब कुछ शुरू से करना पड़ा, क्योंकि आइची प्रांत में क्रिकेट का कोई भी स्टैंडर्ड वेन्यू नहीं था। कम समय और सीमित संसाधनों को देखते हुए, एआईएनएजीओसी और एसीसी ने मिलकर यह सुनिश्चित किया है कि खेलने की सुविधाएं अच्छी हों।