आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 14वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 67 रनों से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे और जवाब में आयरलैंड की टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.5 ओवरों में 115 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच 67 रनों से अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की जीत में नाथन एलिस और एडम जैम्पा ने अहम भूमिका निभाई।
मैच की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ट्रैविस हेड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम ने अपने कप्तान का ही विकेट जल्दी गंवा दिया। हेड सिर्फ 6 रन बनाकर रन आउट हो गए इसके बाद जोस इंग्लिस और कैमरुन ग्रीन की जोड़ी ने मिलकर पारी को तेजी से आगे बढ़ाया और पावरप्ले में 10 से ज्यादा की रनरेट से रन बनाए। ग्रीन ने आउट होने से पहले 21 रन बनाए जबकि इंग्लिस ने आउट होने से पहले ताबड़तोड़ 37 रन बनाए।
अंत में मैट रेनशॉ (37) और मार्कस स्टोइनिस (45) ने भी उपयोगी पारियां खेली और अपनी टीम को 182 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आयरलैंड के लिए मार्क अडायर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड को पारी की पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लग गया जब कप्तान पॉल स्टर्लिंग हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए।