इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम बैंटन ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में मैच जिताऊ शतक लगाया। ऐतिहासिक पारी के बाद बैंटन को उम्मीद है कि उन्होंने टॉप ऑर्डर में अपनी जगह पक्की कर ली है।
बैंटन ने 99 गेंदों पर 121 रन की पारी खेली। इस दौरान 12 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया में अपना अब तक का सबसे बड़ा वनडे स्कोर (355/6) खड़ा कर सकी। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को 44.3 ओवरों में महज 220 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने 135 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। शानदार पारी के लिए बैंटन को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
बीबीसी 'टेस्ट मैच स्पेशल' से बातचीत में जब बैंटन से पूछा गया कि क्या अब टॉप ऑर्डर में उनकी जगह पक्की हो गई है, तो उन्होंने कहा, "मुझे ऐसा ही लगता है। क्रिकेट एक अजीब खेल है, जो बहुत जल्दी बदल सकता है। इसलिए, मैं अभी हर मैच पर ध्यान दे रहा हूं और ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश कर रहा हूं।"