टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अक्षर पटेल ने फील्डिंग में कमाल का नजारा पेश किया। विल जैक्स का उन्होंने बाउंड्री लाइन के पास शानदार कैच पकड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने पर गेंद को शिवम दुबे की तरफ उछाल दिया। दुबे ने आसान सा कैच लेकर इस शानदार प्रयास को पूरा किया। इस शानदार फील्डिंग मोमेंट ने मुकाबले का रोमांच और बढ़ा दिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले गए मुकाबले के दौरान अक्षर पटेल ने फील्डिंग में ऐसा कमाल दिखाया जिसने फैंस को हैरान कर दिया। इंग्लैंड की पारी के 14वें ओवर में अक्षर पटेल और शिवम दुबे की शानदार जुगलबंदी ने विल जैक्स की पारी का अंत कर दिया।
दरअसल, इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे अर्शदीप सिंह। ओवर की आखिरी गेंद पर जैक्स ने कवर के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगकर हवा में चली गई। बाउंड्री की ओर दौड़ते हुए अक्षर पटेल ने शानदार अंदाज में कैच लपक लिया, लेकिन उस समय उनका संतुलन बिगड़ गया और ऐसा लग रहा था कि वह बाउंड्री कुशन से टकरा जाएंगे। इसी बीच अक्षर ने सूझबूझ दिखाते हुए गेंद को तुरंत शिवम दुबे की तरफ उछाल दिया। दुबे ने बिना गलती किए कैच पूरा कर लिया और विल जैक्स की 35 रन की पारी का अंत हो गया।