IPL 2026, Punjab Kings vs Delhi Capitals: धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में सोमवार (11 मई) को खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 210 रन का बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन अक्षर पटेल और डेविड मिलर की अर्धशतकीय पारियों के दम पर दिल्ली ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य ने शानदार शुरुआत दिलाई और प्रभसिमरन सिंह (18) के साथ पहले विकेट के लिए 43 गेंदों में 78 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन सिंह ने 15 गेंदों में 18 रन बनाए, जबकि प्रियांश आर्य ने 33 गेंदों में 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
इसके बाद कूपर कोनोली और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन की अहम साझेदारी हुई। कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रन बनाए, वहीं श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 36 गेंदों में नाबाद 59 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने भी तेजी से 8 गेंदों में 21 रन बटोरे और टीम का स्कोर 210 रन तक पहुंच गया।