इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले से पहले बाबर आजम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह नेट प्रैक्टिस के दौरान ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं। बल्लेबाजी में अब तक खास प्रदर्शन न कर पाने के कारण फैंस ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है।
पाकिस्तान के अनुभवी स्टार बल्लेबाज बाबर आजम एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में अहम मुकाबले से पहले बाबर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नेट्स में ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
पाकिस्तान को 24 फरवरी को सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड का सामना करना है। इस मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान बाबर ने दाएं हाथ से ऑफ स्पिन डालने की कोशिश की। वीडियो में वह बल्लेबाजी पैड पहने हुए ही गेंदबाजी करते नजर आए।