BAN vs WI 1st Test: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है, जिसका पहला मुकाबला 28 अक्टूबर से मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा।
नजमुल हुसैन शांतो इस टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश की कप्तानी करेंगे, जबकि मेहदी हसन मिराज टीम के उपकप्तान होंगे। बांग्लादेश की टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। ऐसे में घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ यह सीरीज उसके लिए अहम होगी, क्योंकि यहां टीम के पास वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के महत्वपूर्ण अंक हासिल करने का मौका रहेगा।
अनुभवी तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब उन्हें वापस बुला लिया गया है। उनकी वापसी के चलते खालिद अहमद को टीम में जगह नहीं मिली है। तस्कीन के अलावा हसन महमूद, इबादत हुसैन और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को भी टीम में बरकरार रखा गया है। ये चारों गेंदबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।