बांग्लादेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अमीनुल इस्लाम के बाद तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। 37 साल की उम्र में तमीम BCB के इतिहास में सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बन गए हैं और वो 11 सदस्यों वाली एक एड-हॉक समिति का नेतृत्व करेंगे। ये फैसला BCB बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स को भंग करने के बाद लिया गया है।
इस 11 सदस्यों वाली समिति में बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मिन्हाजुल अबेदिन और पूर्व क्रिकेटर व टीवी कमेंटेटर अथर अली खान शामिल हैं। अन्य सदस्यों में रशना इमाम, मिर्ज़ा यासिर अब्बास, सैयद इब्राहिम अहमद, इसराफ़िल खसरू, तंजिल चौधरी, सलमान इस्फ़हानी, रफ़ीकुल इस्लाम और फ़हीम सिन्हा शामिल हैं। तमीम की नियुक्ति एक पांच सदस्यीय जांच समिति की सिफ़ारिशों के बाद हुई है।
जांच समिति ने खेल मंत्रालय में एक प्रेस ब्रीफ़िंग में अपने निष्कर्ष प्रस्तुत किए, जिसमें BCB चुनाव प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं का विस्तृत विवरण दिया गया था। राष्ट्रीय खेल परिषद (NSC) के खेल निदेशक अमीनुल एहसान ने पुष्टि की कि मौजूदा बोर्ड का गठन ठीक से नहीं किया गया था और वो प्रभावी ढंग से काम करने में असमर्थ था।