इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के मिनी ऑक्शन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बीच बांग्लादेश के क्रिकेट फैंस के लिए भी अच्छी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स को मुताबिक बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान समेत कुल 7 खिलाड़ी आगामी मिनी ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर कराने जा रहे हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्ताफिजुर ने आईपीएल में खेलने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उनके साथ अन्य 6 खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
मुस्ताफिजुर रहमान के अलावा जिन छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों के नाम सामने आए हैं, उनमें नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद और शोरिफुल इस्लाम शामिल हैं। यानी कुल सात बांग्लादेशी खिलाड़ी आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में हिस्सा लेने के लिए अपना नाम दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, BCB के एक सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी क्रिकेट बोर्ड से उन खिलाड़ियों के नाम रजिस्टर करने को कहा है, जो मिनी ऑक्शन में शामिल होना चाहते हैं।