पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज राशिद लतीफ का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ड्रेसिंग रूम में मेंटर के रूप में मौजूद रहना युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद फायदेमंद होगा। लतीफ ने कहा कि धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन सिर्फ सीएसके तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके साथ काम करने वाले युवा खिलाड़ी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी इसका लाभ उठा सकते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले चुके धोनी, साल 2027 सीजन से बतौर मेंटॉर सीएसके के साथ अपनी नई पारी शुरू करेंगे। लतीफ ने भारतीय क्रिकेट में इस दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज के योगदान की तारीफ की। उन्होंने धोनी की सफल कप्तानी को याद करते हुए कहा कि अपने शानदार करियर के दौरान उन्होंने कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
राशिद लतीफ ने आईएएनएस से कहा, "वह एक सफल कप्तान रहे हैं। उन्होंने मशहूर 'नंबर 7' जर्सी पहनी और चेन्नई की जानी-मानी पीली जर्सी का प्रतिनिधित्व किया। भले ही अब वह खेल नहीं रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि चेपॉक स्टेडियम का माहौल वैसा ही रहेगा, जैसा उनके खेलने के दिनों में हुआ करता था। मेंटॉर के तौर पर उनका होना आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत फायदेमंद होगा।"