आईपीएल 2026 के बीच ही भारतीय टी-20 क्रिकेट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) जल्द ही टी-20 इंटरनेशनल में एक बड़े लीडरशिप परिवर्तन का गवाह बन सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई सूर्यकुमार यादव की जगह पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को भारत का टी-20I कप्तान बनाने का प्लान कर रहा है।
'द टाइम्स ऑफ़ इंडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता लंबे समय के लिए नेतृत्व के विकल्पों पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं, भले ही सूर्यकुमार ने इस साल की शुरुआत में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाई हो लेकिन इसके बावजूद बल्ले से उनका खराब प्रदर्शन और उनकी बढ़ती उम्र उनके खिलाफ जा रही है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बीसीसीआई का ध्यान भविष्य की टीम बनाने पर है और फ्रैंचाइज़ी क्रिकेट में कप्तान के तौर पर श्रेयस के प्रदर्शन ने उनके मौकों को काफी बढ़ा दिया है। पिछले कुछ आईपीएल सीज़न में श्रेयस ने एक कप्तान के तौर पर अपनी एक मज़बूत पहचान बनाई है। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के साथ उनके नेतृत्व ने इस बात को और मज़बूत किया है कि वो भारत के अगले 'व्हाइट-बॉल' कप्तान बन सकते हैं।