ML vs TRT, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड मेंस 2026 का 25वां मुकाबला शनिवार (8 अगस्त) को एमआई लंदन और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज बेन डकेट (Ben Duckett) ने शानदार डायरेक्ट हिट मारकर वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) की पारी का बेहद जल्दी अंत कर दिया।
एमआई लंदन को जेम्स विंस (3 रन) के रूप में शुरुआती झटका लगने के बाद निकोलस पूरन बल्लेबाजी के लिए आए थे, लेकिन सिर्फ दो गेंदों के बाद उन्हें भी पवेलियन लौटना पड़ गया। यह घटना एमआई लंदन की पारी की 23वीं गेंद पर देखने को मिली। बल्लेबाजी कर रहे विल जैक्स ने इस गेंद को एक्स्ट्रा कवर की दिशा में खेला। वहां फील्डिंग कर रहे बेन डकेट ने गेंद को पकड़ने के लिए दाईं ओर डाइव लगाई और जमीन पर गिर पड़े।
गेंद हाथ में आते ही डकेट ने बिना समय गंवाए शानदार फुर्ती दिखाई। वह जमीन पर बैठे-बैठे ही घूमे और वहीं से बल्लेबाज के छोर की तरफ गेंद फेंक दी। उनका थ्रो इतना सटीक था कि गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई और निकोलस पूरन क्रीज से बाहर रह गए। इस शानदार डायरेक्ट हिट के चलते पूरन को 1 गेंद में सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा।